वाराणसी। बीएचयू के वार्षिक अंतर संकाय युवा महोत्सव स्पंदन में पांच दिन में कुल 31 प्रतियोगिताएं होंगी। 22 से 26 फरवरी तक चलने वाले महोत्सव में कला, साहित्य, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में 2000 प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। गुरुवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में छात्र अधिष्ठाता प्रो. एमके सिंह और संयोजक जगत कुमार राय ने बताया कि 27 फरवरी को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और मुशायरे का भी आयोजन किया गया है।
छात्र अधिष्ठाता कार्यालय में छात्र अधिष्ठाता और संयोजक ने बताया कि पहले दिन शुक्रवार को गायन, वादन, नाटक, मूक अभिनय, सुभाषण, पेंटिंग, कार्टूनिंग, क्विज की प्रतियोगिता होगी। अगले दिन 23 फरवरी को शाम 3.30 बजे एंफीथिएटर मैदान में उद्घाटन से पहले सभी टीमों की ओर से झांकी निकाली जाएगी। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पद्मश्री राजेश्वर आचार्य होंगे जबकि 26 फरवरी को समापन समारोह में चरित्र अभिनेता रतिशंकर त्रिपाठी मौजूद रहेंगे।
महोत्सव को लेकर सात अलग-अलग टीमों का गठन कर शिक्षकों को जिम्मेदारी दी जा चुकी है। बताया कि 27 फरवरी को होने वाले कवि सम्मेलन में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ ही मुंबई से राजेश रेड्डी, राजस्थान से रमेश शर्मा, बहराइच से भालचंद्र त्रिपाठी, मउनाथ भंजन से कवि कमलेश राय, कुशीनगर से राजेश राही, पश्चिम चंपारण से अरुण गोपाल और वाराणसी से प्रकाश उदय काव्यपाठ करेंगे। इस दौरान प्रभारी छात्र कल्याण केंद्र प्रो. कौशलेंद्र कुमार सिंह, सह संयोजक प्रो. वशिष्ठ अनूप आदि लोग मौजूद रहे।