दानगंज। चोलापुर ब्लाक में छुट्टा पशुओं के लिए पंचायत विभाग की ओर से चार आश्रयस्थल बनाए जा रहे हैं। मार्च इसके बन जाने की उम्मीद है। पशुपालन विभाग के सर्वे में 700 छुट्टा पशु घूम रहे हैं जबकि आश्रयस्थल केवल 400 पशुओं के लिए बनना है। ऐसे में 300 पशु किसानों की फसलों के लिए मुसीबत बनेंगे।
चोलापुर ब्लॉक के 89 ग्राम पंचायतों में पशुपालन विभाग के द्वारा सर्वे में बताया गया है कि 700 छुट्टा पशुओं टहल रहे हैं। यह किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। पशुपालन विभाग की रिपोर्ट के आधार पर पंचायत विभाग ने हडियाडीह, लाखी, देवराई और पटखौली ग्राम पंचायत में गोवंश आश्रय बनाने के लिए जमीन चिह्नित की गई। जिसको लेखपाल और राजस्व टीम की मदद से खाली कराकर निर्माण कराने की योजना बनाई जा रही है। चोलापुर ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी ने बताया कि 400 पशुओं की रखने के लिए व्यवस्था की जा रही है। पशुपालन विभाग ने 700 आवारा पशुओं का आंकड़ा भेजा था। इसके लिए ग्राम पंचायतों से पत्रावली तैयार की जा रही है। 14वां वित्त मनरेगा से कार्य योजना बनाकर बनाने की तैयारी चल रही है। आश्रय स्थल के चारों तरफ दीवार बनाकर पशुओं के खाने और पीने की व्यवस्था की जाएगी। इसकी देखरेख की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों की होगी।