वाराणसी। सिगरा थाना अंतर्गत औरंगाबाद पानी टंकी के पास रहने वाले मुख्तार अंसारी के मकान की तीसरी मंजिल में सोमवार को आग लग गई। मकान के ऊपरी तल से धुआं निकलता देख मुख्तार के परिवार ने मकान खाली कर दिया।
आसपास के लोगों ने घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। करीब एक घंटे बाद भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची तो पुलिस के साथ स्थानीय लोगों ने आसपास के मकानों से पानी डालकर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक तीसरी मंजिल पर रखा गृहस्थी का सारा सामान जल गया। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई गई है।
मुख्तार के मकान के तीसरी मंजिल में आग लगने के बाद पड़ोस और परिवार के लोग ऊपर पहुंचे। इसी बीच घर में रखे दो सिलेंडर धधक कर जलने लगे तो वह मकान से बाहर निकल आए। लल्लापुरा चौकी इंचार्ज राम कृपाल सिंह ने साहस दिखाया और दोबारा मकान में घुसे। स्थानीय लोगों की मदद से गैस सिलेंडर पर पानी डाला और आग पर काबू पा लिया। इस दौरान मुख्तार के अगल-बगल रहने वालों ने परिवार के साथ मकान खाली कर दिया था।