वाराणसी। भाजपा की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्वसंध्या पर कवि सम्मेलन में अटल काव्य गंगा बही। सोमवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गांधी अध्ययनपीठ में आयोजित कवि सम्मेलन में आगरा की रुचि चतुर्वेदी ने सुनाया कि कितना प्यारा प्यारा था वो बचपन वो लौटा दो मां, सारा देश नमन करता उस भारत मां के लाल को, तेरे प्रेम की ओढ़ू चुनरिया, ढोलूं मन के गांव में, रात निहारू कब से तेरी बैठी पीपल छांव रे। व्यथित गीत कविता यह कहती रहेगी, ये शब्दों की लौ संग धधकती रहेगी। अटल देह तज कर कहा चल दिए ये अटल गीत कविता बहती रहेगी।
कवि हरिओम पवार ने काव्यपाठ किया। सुनाया कि फूल अमन के कभी नही खिलते कायर परिपाटी में नेहरु जी के श्वेत कबूतर मरे पड़े है घाटी में, दिल्ली वालो अपने दिल को बंद करो या क्यूं करो कश्मीर को दान करो या गददारों से मुक्त करो। धर्मप्रकाश मिश्र ने काव्य सुनाया कि वोही लतवा से मोर बजरंग बली अंगिया में झउस रहे लात मार मार के। कौन कहता है कि गिद्ध भारत से लुप्त हुए पेडों के बजाय कुर्सियों मे पाये जाते है, त्रेता वाला गिद्ध सिता माता हेतु जान दे दिया, कलियुग के गिद्ध सीता को नोच खाते है।
देहरादून के बुद्धिनाथ मिश्र ने सुनाया कि कवियों के कवि नेताओं के नायक हो तुम सदा, दावानल ऐसा जिससे कांपे जहरीला जंगल। तुम सदा अटल, पावनता में तुम गंगाजल, दृढ़ता में हो विंध्याचल। मंच का संचालन कर रहे गजेंद्र सिंह सोलंकी ने अटल हो जिये तुम सदा मृत्यु का भी वरण हो अटल और बांटते तुम रहे सुधा उम्र भर शिव बनके जीवन गरल पिया सुनाया। इसके बाद सुनाया-बनो कुछ भी जमाने के लिए नासूर मत बनना। अध्यक्षता पंडित हरिराम द्विवेदी ने की। स्वागत क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव और धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने किया। इस मौके पर संगठन महामंत्री रत्नाकर, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, नवरतन राठी, विधायक डा. अवधेश सिंह, रचना अग्रवाल आदि शामिल रहे।
सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाएगी अटल विहारी वाजपेयी की जयंती
वाराणसी। भारत रत्न अटल विहारी वाजपेयी की 95वीं जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाएगी। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि जनपद के सभी विकास खंडों एवं नगरीय निकाय कार्यालयों में सुशासन दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसमें आमजन को जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। विकास खंड एवं नगर निकाय के कार्यालयों में पेंशन वितरण, राशन कार्ड वितरण, वृद्वावस्था पेंशन एवं दिव्यागं पेंशन के कैंप लगाए जाएंगे। माध्यमिक एवं महाविद्यालय में सेमिनार आयोजित होंगे। इस दौरान परिचर्चा एवं कवि गोष्ठी एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को भी निर्देशित किया गया है।साथ ही जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला चिकित्सालय पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा स्वास्थ्य मेला लगाया जाएगा। इसके लिए सीएमओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।