वाराणसी। प्रवासी भारतीय सम्मेलन में आने वाले मेहमानों को प्रदर्शनी के जरिए प्रभु श्रीराम की विश्व यात्रा के बारे मे बताया जाएगा। हस्तकला संकुल में श्रीराम के अयोध्या से वन गमन और लंका तक की कहानी प्रदर्शनी के जरिए प्रवासियों के सामने होगी।
21 जनवरी को पद्मश्री पं. छन्नू लाल मिश्र का शास्त्री गायन और पं. रविशंकर म्यूजिक फाउंडेशन नई दिल्ली का म्यूजिकल कंसर्ट होगा। 21 और 22 जनवरी को गंगा घाटों पर 20 दलों के 300 कलाकार लोक कला का प्रदर्शन करेंगे। अयोध्या शोध संस्थान एवं निदेशक संस्कृति निदेशालय उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष शिशिर ने बताया कि प्रवासी भारतीय दिवस के दौरान ट्रेड फैसिलेटर सेंटर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रभु श्रीराम की विश्व यात्रा विषय पर प्रदर्शनी का आयोजन प्रस्तावित किया गया है।
26 को आ सकते हैं विदेश राज्यमंत्री
प्रवासी सम्मेलन की तैयारियों को जानने के लिए विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह वाराणसी आ सकते हैं। इससे पहले 77 देशों के प्रतिनिधियों के साथ विदेश राज्यमंत्री ने कुंभ का दौरा किया था। माना जा रहा है कि प्रवासी सम्मेलन की तैयारी जानने के दौरान भी उनके साथ कुछ विदेशी मेहमान होंगे।