वाराणसी। बीएचयू विज्ञान संस्थान के तीसरे संस्थान दिवस पर सोमवार को खेलकूद, युवा महोत्सव सहित अन्य प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। बतौर मुख्य अतिथि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पूर्व कुलपति और पूर्व सर्वेयर जनरल आफ इंडिया डॉ. पृथ्वीश नाग ने प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए विज्ञान के विभिन्न पहलुओं पर अध्ययन के लिए आगे आने का आह्वान किया।
संगोष्ठी संकुल में आयोजित समारोह में डॉ. नाग ने विज्ञान में नेतृत्व की महत्ता पर बोलते हुए कहा कि विज्ञान की सभी शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित करने की दिशा में काम करने की जरूरत है। इस दौरान अंतर संकाय युवा महोत्सव स्पंदन के विजेता रही संस्थान की टीम के साथ ही सप्ताह भर तक चली क्विज, लेखन, पोस्टर आदि प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। शिक्षण, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में संकाय प्रमुख और संस्थान निदेशक प्रो. मल्लिकार्जुन जोशी, प्रो.वीके कुमरा, सहायक कुलसचिव डॉ. रश्मि रंजन, प्रो. जीएस यादव आदि मौजूद रहे।