वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर एक बार फिर मानवता तार-तार नजर आई। मेमो के चक्कर में दो शव घंटो पड़े रहे। इसके चलते यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ा।
नवीं मुंबई से दादर सुपरफास्ट से वाराणसी आ रहे मटरू वर्मा की यात्रा के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई।जीआरपी-आरपीएफ ने उसे प्लेटफार्म पर रख दिया। डिप्टी एसएस को सूचना दी गई और मेमो का इंतजार किया जाने लगा। लगभग चार बजे से कैंट रेलवे स्टेशन पर रखे शव को सुबह 9:30 बजे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। जब स्टेशन निदेशक आनंद मोहन को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी प्रकार प्लेटफार्म नंबर नौ पर 65 वर्षीय अज्ञात महिला की अचानक मौत हो गई। इसका कारण ठंड लगना बताया गया। देर रात से सुबह तक प्लेटफार्म पर यह लाश पड़ी रही। सूचना के बाद भी डिप्टी एसएस ने मेमो समय से जारी नहीं किया। महिला का नाम व पता नहीं चल पाया।