सारनाथ। कादीपुर की तरफ जा रही मालगाड़ी गुरुवार को सारनाथ रेलवे स्टेशन के आउटर पर दो हिस्सों में बंट गई। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर लोको पायलट ने ट्रेन रोकी और फिर दोनों हिस्सों को जोड़ा गया। गनीमत रही कि ट्रेन की रफ्तार ज्यादा नहीं थी और उस ट्रैक पर दूसरी ट्रेन नहीं आई, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
सुबह करीब नौ बजे ब्लॉक सेक्शन में मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। इंजन 10 डिब्बों के साथ आगे बढ़ गया, जबकि लगभग 50 डिब्बे खड़े ही रह गए। रेल इंजन वाला हिस्सा थोड़ा ही आगे बढ़ा था कि आसपास खड़े लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। लोको पायलट ने ब्रेक लगाया और फिर रेल इंजन पीछे लेकर आया। रेल कर्मचारियों ने दोनों भाग को जोड़ा। ट्रेन की रफ्तार ज्यादा न होने और उस ट्रैक पर दूसरे किसी ट्रेन के न आने की वजह से कोई घटना नहीं घटी। वहीं, स्टेशन मास्टर एसपी सिंह ने बताया कि गाड़ी की हौज पाइप किसी जानवर की वजह से निकल गई थी, जिससे गाड़ी ब्लॉक सेक्शन में ही खड़ी हो गई थी। चालक व गार्ड ने इसे जोड़कर आगे बढ़ाया।