रामनगर । रामनगर स्थित मल्टीमोडल टर्मिनल से शनिवार की भोर 16 कंटेनर लेकर रवींद्र नाथ टैगोर जलपोत ने कोलकाता के लिए सफर शुरू किया। कंटेनर से इफको, पेप्सिको और डाबर के उत्पाद भेजे गए हैं। यह जलपोत जमानिया में रुकेगा और रविवार को पटना के लिए रवाना होगा। जलपोत ने सुबह-ए-बनारस को खास बना दिया। घाट, गंगा के साथ लोगों ने गंगा में तैरते विशालकाय जलपोत की जमकर फोटो वीडियो बनाई।
कोलकाता से 16 कंटेनर लेकर वाराणसी पहुंचे जलपोत का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 नवंबर को रामनगर स्थित टर्मिनल पर स्वागत किया था। इसी के साथ टर्मिनल से जलपरिवहन सेवा शुरू हो गई। जलपोत से सभी कंटेनर उतारे गए और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों को भेज दिया गया। जलपोत को शुक्रवार को ही रवाना किया जाना था मगर इफको से चले खाद के कंटेनर टर्मिनल तक पहुंचने और उनके लोडिंग में हुई देरी से यह शनिवार की भोर में ही रवाना हुआ। धुंध होने के बावजूद साढ़े पांच बजे शिप ने अपना सफर शुरू किया। गंगा के बहाव की दिशा में संचालन से उम्मीद जताई जा रही है कि यह चार से पांच दिन में ही कोलकाता पहुंच जाएगा। पहला स्टॉपेज जमानिया है।