रोहनिया/चिरईगांव/हरहुआ। जिले के रोहनिया, चौबेपुर और बड़ागांव थाना क्षेत्र में चोरों ने तीन मकान और एक दुकान से नगदी और लाखों का कीमती सामान चुरा कर पुलिस को चुनौती दी। भुक्तभोगियों की सूचना पर पहुंची इलाकाई थानोें की पुलिस महज मौका मुआयना की कार्रवाई तक ही सीमित रही।
रोहनिया थाना अंतर्गत परमानंदपुर गांव निवासी देवदास पटेल के घर से गुरुवार की रात चोर 3300 रुपये और आधा दर्जन साड़ी चुरा ले गए। देवदास के पड़ोसी अनिल पटेल के घर से चोरों ने चांदी की चेन और एक हजार रुपया पार कर दिया। चौबेपुर थाना अंतर्गत भगतुआं बाजार निवासी कौशल उपाध्याय की कपड़े की दुकान में सेंध काट कर चोर गुरुवार की रात 38 हजार रुपये और सवा लाख रुपये से ज्यादा के कपड़े चुरा ले गए। घटना से गुस्साए बाजार के व्यापारियों ने शुक्रवार को सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया लेकिन जाल्हूपुर चौकी प्रभारी ने सभी को समझाबुझाकर शांत करा दिया। बड़ागांव थाना अंतर्गत अहरक (पश्चिमपुर) गांव निवासी किसान लालबहादुर पटेल के घर का ताला तोड़ कर चोर दस हजार रुपये और ढाई लाख रुपये से ज्यादा के जेवर व कीमती कपड़े चुरा ले गए। लालबहादुर ने बताया कि पूरा परिवार धान काटने खेत गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने ताला तोड़ कर चोरी की।