घोसिया/गोपीगंज। गुजरे 24 घंटों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुईं पांच सड़क दुर्घटनाओं में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। वाराणसी-इलाहाबाद राजमार्ग पर माधोसिंह के समीप ट्रक के धक्के से बाइक सवार की जान चली गई, जबकि साथ में बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी मार्ग पर जयरामपुर में ट्रक और कार की टक्कर में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गोपीगंज क्षेत्र में हुईं तीन अन्य दुर्घटनाओं में चार लोग घायल हुए।
मिर्जापुर के बेलवरिया निवासी राहुल बिंद (18) बाइक से सुरियावां क्षेत्र के कारी गांव निवासी सुखराज बिंद और योगेश्वर बिंद के साथ महराजगंज क्षेत्र के तुलापुर गांव में रिश्तेदार के यहां जा रहा था। माधोसिंह पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक पर धक्का मार दिया। इससे सुखराज और योगेश्वर छिटककर दूर जाकर गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं जबकि राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। राहुल हादसे में घायल सुखराज का साला बताया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को अस्पताल भेजवाया।
जीटी रोड पर बुआजी का इनारा जयरामपुर में हुई दूसरी घटना में ट्रक की टक्कर से कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाहाबाद के गऊघाट, मुट्ठीगंज निवासी रितेश पांडेय (25), अभिषेक तिवारी (20), आलोक घोष (35) और टैगोर टाउन निवासी श्याम बहादुर (35) कार से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गाजीपुर जा रहे थे। बताते हैं कि बुआजी के इनारा के समीप एक बालू लदा ट्रक अचानक कट से दक्षिणी लेन से उत्तरी लेन पर आ गया और कार ट्रक में जाकर भिड़ गई। इससे कार के परखचे उड़ गए और उसमें सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। औराई कोतवाल सुनील दत्त दुबे ने चारों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी औराई भेजा। वहां रितेश और श्याम बहादुर की हालत गंभीर देखते हुए दोनों को इलाहाबाद रेफर कर दिया गया।
गोपीगंज थाना क्षेत्र में तीन स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में बाइक और ऑटो सवार चार लोग घायल हो गए। बुधवार की देर रात मिर्जापुर मार्ग स्थित जगन्नाथपुर गांव के पास दो कारों की टक्कर में किशन (22) निवासी धरहरा चील्ह, मिर्जापुर और अभिनव तिवारी (30) निवासी कोटवा, पड़री मिर्जापुर घायल हो गए। अभिनव की हालत गंभीर होने पर सीएचसी गोपीगंज से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जगन्नाथपुर गांव के पास हुई दो बाइकों की टक्कर में पंकज सिंह (27) निवासी मूलापुर घायल हो गए। उन्हें भी सीएचसी गोपीगंज से जिला अस्पताल रेफर किया गया। नहर पुलिया के पास हुई एक अन्य घटना में ऑटो से गिर जाने से विकलांग मोहम्मद कौसर (45) निवासी देवनाथपुर घायल हो गए। बताते हैं कि वह अपनी मां के साथ भिक्षा मांगने गोपीगंज की तरफ आ रहा था। ऑटो पर किनारे बैठा था। इसी दौरान किसी वाहन से धक्का लगने के कारण वह गिर गया। उसे गोपीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया कराया गया।