वाराणसी। टिकटों की कालाबाजारी पर रेलवे प्रशासन की सख्ती के बाद दलालों ने अब नया पैंतरा अपनाया है। वे अब महिलाओं के जरिए रेलवे प्रशासन को चकमा देने में जुटे हैं। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और कई दलालों के फोटो परिसर में चस्पा होने के बाद उन्होंने टिकटों की कालाबाजारी के लिए यह पैंतरा अपनाया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए ऐसी छह से अधिक महिलाओं को अब तक चिह्नित किया गया है, जो आए दिन तत्काल टिकट की लाइन में नजर आ रही हैं। इनकी धरपकड़ के लिए रेलवे प्रशासन ने टीम गठित कर दी है। फुटेज से तस्दीक के बाद इनकी निगरानी भी शुरू कर दी गई है।
मुंबई, दिल्ली और कोलकाता जाने वाली ट्रेनों में सीट को लेकर जबरदस्त मारामारी चल रही है। लोग आरामदायक सफर के लिए मोटी कीमत देने को तैयार हैं। यही कारण है कि कई ट्रैवेल एजेंसियां 500 से तीन हजार तक अतिरिक्त लेकर यात्रियों को आरक्षित रेल टिकट उपलब्ध करा रही हैं। एजेंसियों के दलाल रेलवे स्टेशन के प्रशासनिक भवन से लेकर टिकट काउंटरों तक सक्रिय रहते हैं। इसकी शिकायत के बाद रेलवे प्रशासन ने सख्ती की तो दलालों ने महिलाओं के जरिए टिकट बुकिंग शुरू करा दी। तत्काल की लाइन में महिलाओं को प्राथमिकता मिलने के कारण आम यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। शिकायतों पर रेलवे प्रशासन ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। छह से अधिक महिलाएं अब तक चिह्नित की गई हैं, जो हर दूसरे-तीसरे दिन तत्काल काउंटर की कतार में हैं। स्टेशन निदेशक आनंद मोहन सिंह ने ऐसी महिलाओं को चिह्नित कर कार्रवाई के लिए टीम गठित कर दी है।