वाराणसी। लखनऊ में हुई इनवेस्टर समिट में लिए गए फैसलों और किए गए एमओयू पर बात आगे बढ़ने लगी है। प्रदेश के विधि एवं न्याय राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को इसके लिए कमिश्नरी में बैठक हुई। पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स और अन्य उद्यमियों की बैठक में वाराणसी में औद्योगिक इकाई स्थापित करने और 263 करोड़ रुपये के निवेश के लिए हुए एमओयू पर चर्चा हुई। डॉ. तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि काशी में उद्योगों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण में कोताही न बरती जाए।
बैठक में उद्यमियों ने हेलीकॉप्टर से काशी दर्शन कराने की योजना की जानकारी राज्यमंत्री को दी। इस पर राज्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन वाले हेलीकॉप्टर के संचालन की ही अनुमति मिलेगी। उद्यमियों द्वारा वाराणसी-इलाहाबाद, वाराणसी-पटना, वाराणसी-आगरा तथा वाराणसी-लखनऊ के लिए 2500 रुपये में पर्यटकों के लिए सी-प्लेन संचालित करने की जानकारी पर राज्यमंत्री ने नियमानुसार कार्रवाई कराने का भरोसा दिया।
इस दौरान उद्यमियों ने उच्चतम बाढ़ स्तर से 200 मीटर में नए निर्माण कार्य पर न्यायालय की रोक के कारण मजदा सिनेमा के भूखंड पर 4 स्टार होटल का निर्माण कार्य प्रभावित होने का मुद्दा उठाया। राज्यमंत्री ने इसके लिए न्यायालय से अनुरोध कर समाधान कराने के लिए कमेटी बनाने को वीडीए वीसी को निर्देशित किया। उन्होने उद्यमियों से कहा कि रिंग रोड लगभग तैयार है। इसके आसपास 5000 लोगों को बैठने की क्षमता वाले कन्वेंशन सेंटर के जल्द बनाया जाए।
बैठक में एमएलसी अशोक धवन, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र, एसएसपी आरके भारद्वाज, वीडीए उपाध्यक्ष राजेश कुमार, उद्योग उपायु्क करुणा राय, उद्यमी अशोक गुप्ता, बिल्डर अनुज डिडवानिया, अनिल सिंह, सर्वेश अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।