वाराणसी। गोदौलिया से दशाश्वमेध की ओर वाहनों का आवागमन कुछ माह के बाद हमेशा के लिए बंद कर दिया जाएगा। सभी को पैदल ही घाटों पर जाना पड़ेगा। वहां की पूरी सड़क को पैदल ट्रैक के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए वीडीए ने पर्यटन विभाग को अनुमति दे दी है। जल्द ही इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी करके एक माह में काम शुरू कर दिया जाएगा। इस ट्रैक के बनने के बाद केवल इमरजेंसी वाहन या फिर, वीवीआईपी गाड़ियों को विशेष परिस्थिति में अनुमति दी जाएगी। वीडीए की बैठक में अनुमति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया तेज हो गई है। पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अविनाश मिश्र ने बताया कि पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस पूरे क्षेत्र को विकसित किया जाएगा।
पर्यटन विभाग गंगा तट से 200 मीटर के दायरे को पर्यटन के बढ़ावा देने के हिसाब से विकसित करने की योजना बना चुका है। लेकिन इस क्षेत्र में निर्माण को लेकर कौटिल्या सोसायटी की ओर से दायर जनहित याचिका के चलते निर्माण कार्य करने के लिए वीडीए की बैठक में अनुमति लेनी पड़ती है। इसलिए पर्र्यटन विभाग ने वीडीए को दो प्रस्ताव दिया था। एक सड़क को पैदल ट्रैक बनाने और दूसरा घाट के किनारे फूड प्लाजा बनाने के लिए। ऐसे में वीडीए ने पर्यटन विभाग को मात्र सड़क विकसित करने की अनुमति दी है।