ज्ञानपुर। भदोही कोतवाली के लालीपुर गांव स्थित ईंट भट्ठे पर दो मई की रात रमेश वनवासी (45) की हत्या उसके बेटे ने ही की थी। सौतेली बहनों के साथ गंदी हरकत करने से परेशान बेटे ने मामा के साथ मिलकर पिता को मौत के घाट उतार दिया था। शुक्रवार की शाम पुलिस ने आरोपी बेटे अर्जुन मुसहर को मोढ़ बाजार से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने बताया मृतक रमेश आजमगढ़ का मूल निवासी था। बीते चार साल से वह लालीपुर स्थित एक ईंट भट्ठे पर परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था। रमेश की हत्या के बाद बेटे अर्जुन ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी सचिंद्र पटेल ने सीओ भदोही अभिषेक पांडेय के निर्देशन में कोतवाली प्रभारी मनोज पांडेय, चौकी पुलिस और महिला थाना प्रभारी सरोजमा सिंह की संयुक्त टीम को खुलासे के लिए लगाया। टीम ने सुरागों के आधार पर शुक्रवार की मोढ़ बाजार से आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़े को भी पुलिस ने बरामद किया।
पूछताछ में अर्जुन ने बताया कि उसने अपने मामा के साथ मिलकर दो मई की रात फावड़े से पिता पर हमला कर दिया था। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। बताया कि उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी, जिसके कारण परिवार में कलह होने लगी थी। यही नहीं, उसकी सौतेली बहनों के साथ भी पिता गंदी हरकतें करता था। कई बार समझाने के बाद भी वहीं नहीं माना। उसके बाद मामा के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। गिरफ्तारी टीम में मनोज पांडेय, सरोजमा सिंह, रंजीत सिंह, अवधेश सिंह, तुफैल खान आदि रहे।