ज्ञानपुर। सूबे के मुख्य सचिव के साथ मिर्जापुर में रविवार को आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में भदोही जिले से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि ज्ञानपुर में बन कर तैयार हो गए 100 शैय्या के अस्पताल को कतिपय कारणों से स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर नहीं किया जा सका है। जल्द ही इसे हैंडओवर कर दिया जाएगा। ज्ञानपुर और औराई के विधायकों ने बिजली, सड़क, पुल आदि समस्याएं उठाईं।
मुख्य सचिव राजीव कुमार ने रविवार को विंध्याचल मंडल के तीनों जिलों भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र के विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान ज्ञानपुर जिला मुख्यालय पर बनकर तैयार हो चुके 100 शैय्या के अस्पताल को हैंडओवर करने का मसला प्रमुखता से उठा। उच्चाधिकारियों ने बताया कि जल्द ही अस्पताल को हैंडओवर किया जाएगा। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने अस्पताल निर्माण में धन के गबन का मसला उठाया। उन्होंने भदोही जिले के डीघ क्षेत्र में पानी में आर्सेनिक और फ्लोराइड की मात्रा बढ़ने के कारण लोगों को होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए पहल करने की मांग की। इस पर मुख्य सचिव ने डीएम भदोही से इस मसले को प्राथमिकता के तौर पर रखने को कहा। ज्ञानपुर विधायक ने ध्वस्त हो चुकीं पानी की टंकियां और डेंगुरपुर-धनतुलसी पुल के निर्माण की जरूरत भी प्रमुखता से उठाई। कहा कि दुद्धी-लुंबिनी मार्ग निर्माण के लिए बिजली पोल समुचित तरीके से नहीं हटाए गए। इस दौरान औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर ने बिजली समस्या को प्रमुखता से उठाया। कहा कि जिले की बिजली को विशेष तौर पर दुरुस्त करने की जरूरत है।