भदोही। मिशन इंद्रधनुष के तहत सोमवार को दो दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया गया। इसके तहत ब्लाक में चिह्नित 11 गांवों में शिविर लगाकर टीकाकरण और दवाएं बांटी जा रही है।
उप जिलाधिकारी सुनील कुमार यादव और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डा. वीके सिंह ने प्रजापतिपुर गांव में बच्चे को पोलियो ड्राप पिला कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों का सहयोग जरूरी है। चिकित्सा अधीक्षक ने लोगों को योजना के बारे में बताया। कहा कि जनपद के 32 और भदोही ब्लाक के 11 गांवों को विशेष अभियान के लिए चयनित किया गया है। इस दौरान बच्चों और गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण, पोलियो ड्राप और दवाएं दी गईं। शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों पोलियो, हेपटाइटिस बी, बीसीजी, टीबी, डिप्थीरिया और काली खांसी से बचाव के लिए टीके लगाए गए। शिविर में डॉ. रामाशीष सरोज, बीएल यादव, गीता सिंह, मंजू देवी, रीता देवी आदि मौजूद थे।