भदोही। प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के चयन के लिए मंगलवार को नगर पालिका परिषद में शिविर का आयोजन किया गया। पहले दिन कुल 86 आवेदन जमा हुए। शिविर में पालिकाध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल ने कहा कि जो योजनाओं के हकदार हैं, उनसे प्रमाण पत्रों के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में अपात्रों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा।
कैंप में जिला समाज कल्याण अधिकारी आरके सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज सिंह, जिला विकलांग कल्याण अधिकारी ऋतुराज मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने अपने विभागों से संबंधित आवेदनों की जांच कर प्राप्त किए। शिविर के दौरान ही सभी आवेदनों की ऑनलाइन फीडिंग भी की गई। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि पात्र लाभार्थी दलालों से सावधान रहें। वे किसी बिचौलिए के फेर में न पड़ें। यदि कोई पात्र है तो उसे हर हाल में लाभान्वित किया जाएगा। यह भी कहा कि आवेदन फार्म नि:शुल्क है। बताया कि दिव्यांग कल्याण के तीन, विधवा पेंशन के लिए 60 और वृद्धा पेंशन के लिए 23 आवेदन प्राप्त हुए, जिनकी कंप्यूटर फीडिंग कर दी गई है। कहा शिविर 12 तक चलेगा। आवेदकों से समस्त प्रमाण पत्रों के साथ उपस्थित होने को कहा। आवेदनों का तहसील स्तर पर सत्यापन करने के बाद
लाभार्थियों का चयन होगा। कैंप में भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक, सर्वेश पाल, सभासद गुलाम संजरी, हसीब खां, महेंद्र नाथ बिंद, करुणाशंकर दूबे, साहेबे आलम, गिरधारी जायसवाल, प्रिंस गुप्ता, खुर्रम अंसारी, रमेश प्रजापति, शफीक अहमद, जितेंद्र यादव, संजय यादव, गुड्डू अंसारी, मुन्नी लाल यादव आदि रहे।