वाराणसी। आईपीडीएस योजना के तहत शहर के कई इलाकों में बिजली कनेक्शन जोड़ने का कार्य शनिवार को किया गया। इसमें कई क्षेत्रों में बिजली कटौती हुई, जिससे उपभोक्ता परेशान हुए। वहीं कई उपकेंद्रों पर हड़ताल से काम नहीं हुआ, तो कहीं केबल बॉक्स जलने से परेशानी हुई। कुल मिलाकर दिन भर उपभोक्ता बिजली के अभाव में गर्मी से परेेशान रहे।
बिजली कटौती में काशी, मच्छोदरी, मैदागिन फीडर में 11 बजे से साढ़े तीन बजे तक और लेढ़ूपुर, बड़ा लालपुर, दौलतपुर में 12 बजे से चार बजे तक बिजली कटौती हुई। इससे प्रह्लाद घाट, भैसासुर, त्रिलोचन बाजार, गायघाट, दीना गोलानाथ, हरतीरथ, गोलगड्डा, लमही गेट, पहडि़या सहित आसपास की कॉलोनियों में बिजली गायब रही। वहीं दूसरी ओर बेनियाबाग, भेलूपुर, भिखारीपुर और बीएचयू फीडर से पियरी, कबीरचौरा, भेलूपुर, सिद्घगिरी बाग, भदैनी, भगवानपुर, लंका, संकटमोचन क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इसमें बेनियाबाग उपकेंद्र से दोपहर 12 बजे से दो बजे तक दो घंटे, भेलूपुर उपकेंद्र से 11 बजे से दो बजे तक चार घंटे, भिखारीपुर और बीएचयू उपकेंद्र से चार-चार घंटे बिजली कटौती हुई। वहीं कुछ इलाकों में निर्धारित समय से अधिक देर तक बिजली कटी रही।
उपभोक्ताओं को ये हुई परेशानी
निजीकरण के विरोध के चलते कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। इससे भेलूपुर स्थित पावर हाउस में बने काउंटर पर लोगों का बिज जमा नहीं हुआ। इससे उपभोक्ता परेशान हुए। बिल जमा करने आए बीपी पाठक, सरायनंदन के रहने वाले, सत्य प्रकाश सोनकर कमच्छा, राजू प्रजापति देव पोखरी , विजय तिवारी अस्सी, राजकुमार सुंदरपुर ने बताया कि किसी तरह समय निकाल कर बिजली बिल जमा करने आए लेकिन वापस लौटना पड़ा। वहीं विद्युत उप केंद्र अनेई से सुबह 9.30 बजे से आपूर्ति ठप रही। इसकी वजह वहां केबल बाक्स जलना था। केबल बॉक्स जलने से लगभग 30 किलोमीटर की परिधि में आने वाले से सात दर्जन गांवों के उपभोक्ता प्रभावित हुुए। दिन भर की मेहनत के बाद भी बिजली आपूर्ति सही नहीं हो सकी। इससे लोगों को परेशानी हुई।