वाराणसी। पांडेयपुर स्थित मानसिक चिकित्सालय के पीछे गुरुवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर तारा मिश्रा (65) के गले से सोने की चेन खींच ली। बदमाशों की छीना झपटी में बाइक सवार तारा देवी गिरकर घायल हो गई। इलाकाई लोगों की सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस बदमाशों का पता लगाने की बजाय सिर्फ पूछताछ तक ही सीमित रही। तारा देवी के अनुसार छीनी गई चेन की कीमत तकरीबन 85 हजार रुपये थी।
पांडेयपुर क्षेत्र के शिव नगर कालोनी निवासी ज्योतिषाचार्य पं. रामसागर मिश्रा की पत्नी तारा देवी ने बताया कि उन्हें गाजीपुर के सैदपुर में आयोजित पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होना था। इसके लिए वो अपने एक परिचित के साथ बाइक से आशापुर जा रही थी। आशापुर से दूसरे वाहन से वो सैदपुर जातीं। घर से निकल कर वो मानसिक चिकित्सालय के पीछे पहुंची थी कि तभी बाइक सवार दो बदमाश उनकी बाइक पर टक्कर मार दिए। टक्कर से बाइक अनियंत्रित हुई और इसी बीच बदमाशों ने झपट्टा मारकर तारा के गले से चेन खींच ली। छीनाझपटी में सड़क पर गिरी तारा देवी के सिर, कमर और हाथ में चोट आई। वारदात से तारा देवी अचेत हो गईं। आसपास के लोग उन्हें रिक्शा पर बैठाकर घर पहुंचाए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक के पीछे की नंबर प्लेट को अपने पैर से ढक लिया था और दोनों मानसिक अस्पताल की ओर तेजी से भाग निकले।