वाराणसी/शिवपुर। महिला थाने पर तैनात दरोगा गीता यादव को शिवपुर क्षेत्र के भरलाई से एंटी करप्शन की टीम ने 20 हजार रुपये घूस लेते हुए मंगलवार को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना के कौड़ीराम की निवासिनी दरोगा गीता के खिलाफ शिवपुर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने के बाद उसे पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
शिवपुर थाना क्षेत्र के भरलाई निवासी अभिषेक पाठक कैंट रेलवे स्टेशन पर टीटीई पद पर हैं। अभिषेक की पत्नी पूजा बीते तीन साल से मायके में रहती है। पूजा ने अभिषेक, उनकी बहन और मां के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट सहित अन्य आरोपों में बीते 27 जून को मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच दरोगा गीता यादव को सौंपी गई थी। अभिषेक ने बताया कि दरोगा गीता यादव उनके घर आई थी और सभी को जेल भेजने की धमकी दी थी।
अभिषेक ने अपनी विवाहिता बहन का नाम मुकदमे से हटाने की गीता यादव से गुहार लगाई थी। इसके बदले में गीता यादव ने अभिषेक से एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी और कहा कि एक-दो धाराएं भी वो कम कर देगी। बातचीत के बाद मामला 80 हजार रुपये पर तय हुआ। बीते सितंबर महीने में अभिषेक ने 30 हजार रुपये गीता को दिए। इसके बाद गीता बाकी रुपये जल्द देने का दबाव अभिषेक पर बनाने लगी और 16 नवंबर को उसके घर जा धमकी। इससे घबराए अभिषेक ने 18 नवंबर को एंटी करप्शन को मामले से अवगत कराया।
एंटी करप्शन द्वारा बनाई गई योजना के अनुसार अभिषेक ने मंगलवार को दोपहर बाद गीता को अपने घर 20 हजार रुपये देने के लिए बुलाया। एंटी करप्शन के इंस्पेक्टर रामसागर ने बताया कि गीता ने जैसे ही 20 हजार रुपये हाथ में थामे वहां मौजूद इंस्पेक्टर प्रेमशंकर दुबे, सरोज पांडेय व गोविंद वल्लभ जोशी की टीम ने उसके हाथ धुलवाकर उसे हिरासत में ले लिया।