वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर निर्माण कार्य होने की वजह से कई ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलाई जा रही हैं। इसके बावजूद रेलवे की वेबसाइट पर ऐसी कुछ ट्रेनों का आगमन और प्रस्थान अब भी वाराणसी ही दिखा रहा है। रेलवे की इस लापरवाही से रोज सैकड़ों यात्री परेशान होते हैं। बेवजह दौड़ने के साथ ही लोगों की ट्रेनें भी छूट रही हैं।
सीतामढ़ी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलाई जा रही है। इसी तरह दुर्ग-नवतनवा एक्सप्रेस का भी रूट बदल दिया गया है। इन दिनों ये ट्रेनें वाराणसी नहीं आ रहीं। मार्ग परिवर्तन के बाद भी वेबसाइट पर ये ट्रेनें अभी भी बनारस होकर चल रही हैं। ऑनलाइन ट्रेनों का रूट सर्च करने वाले दर्जनों यात्री प्रतिदिन कैंट स्टेशन पर पहुंच जाते हैं। यहां उन्हें पता चलता है कि अमुक ट्रेन तो बदले रूट से चलाई जा रही है। ऐसे में आए दिन यात्रियों की ट्रेनें छूट रही हैं।