वाराणसी। प्रदेश में अब एनसीसी कैडेट्स को एनसीसी निदेशालय की ओर से सिली-सिलाई वर्दी नहीं बल्कि उसका कपड़ा दिया जाएगा। कैडेट्स को अपनी वर्दी खुद सिलवानी होगी। इसके लिए विभाग की ओर से उन्हें सिलाई का खर्च भी दिया जाएगा। दो दिवसीय दौरे पर बनारस पहुंचे एडीजी मेजर जनरल आरजीआर तिवारी ने यह जानकारी दी। बताया कि वर्दी की कमी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है और एक महीने में यह नई व्यवस्था लागू हो जाएगी।
उन्होंने बातचीत में कहा कि निदेशालय की ओर से इस बात की पूरी कोशिश की जा रही है कि कैडेट्स को पढ़ाई के साथ-साथ संस्थान में निर्धारित समय पर परेड आदि का प्रशिक्षण दिया जाए। केवल कागजों पर ही इसकी खानापूर्ति न की जाए। एक सवाल के जवाब में मेजर जनरल तिवारी ने कहा कि प्रदेश में कई जगहों पर कुछ नए बटालियन भी शुरू करने की योजना है।