वाराणसी। दुर्गाकुंड स्थित सनबीम एकेडमी स्कूल से लापता छात्र अंकित यादव और सात्विक सिंह की लोकेशन बुधवार को रायबरेली में मिली। इस सूचना पर भेलूपुर पुलिस ने रायबरेली पुलिस और जीआरपी से संपर्क कर दोनों की खोजबीन शुरू की लेकिन पता नहीं लगा। इसके साथ ही दोनों ने रायबरेली में ही अपना मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों बच्चों ने अपने अभिभावकों से पैसे की मांग की थी लेकिन नहीं मिला। संभवत: दोनों के पास पैसे खत्म हो गए हैं इसीलिए वे वापस लौट रहे हैं।
भेलूपुर थाना अंतर्गत सरायनंदन और ब्रह्मानंद नगर में सनबीम एकेडमी स्कूल का हॉस्टल है। कक्षा 10 का छात्र अंकित यादव और सात्विक सिंह सोमवार की सुबह से अपने हॉस्टल से गायब हैं। मंगलवार को दोनों की लोकेशन सर्विलांस की मदद से हरिद्वार में मिली थी। वहीं, बुधवार को पता लगा कि दोनों रायबरेली में हैं। इस सूचना पर रायबरेली से बनारस आ रही ट्रेन को रास्ते भर खंगाला गया लेकिन दोनों का पता नहीं लगा। वहीं, दोनों ने पुलिस की खोजबीन की भनक लगते ही मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया। इंस्पेक्टर भेलूपुर अशेषनाथ सिंह ने बताया कि दोनों बच्चे शरारत कर रहे हैं। दोनों ने अपने अभिभावकों को फोन कर रुपये की भी मांग की थी। हमारी दो टीमें लगी हुई हैं, जल्द ही दोनों छात्र हमारी जद में होंगे और उन्हें उनके परिवारीजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा।