वाराणसी। वृक्ष धरा का शृंगार हैं। पर्यावरण को बचाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की जरूरत है। आने वाली पीढ़ियों को हमें स्वच्छ पर्यावरण का उपहार देना होगा। इसके लिए सभी को पौधरोपण का संकल्प लेना होगा। उक्त विचार संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. यदुनाथ दूबे ने व्यक्त किए। वह शनिवार को पं. कमलापति त्रिपाठी की 112वीं जयंती महोत्सव के अवसर पर एक परिवार एक वृक्ष योजना का शुभारंभ कर रहे थे।
शनिवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय स्थित वाग्देवी के मंदिर प्रांगण में एक परिवार एक वृक्ष योजना के तहत पौधरोपण किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्रों ने पौधरोपण किया। इसके उपरांत योगसाधना केंद्र में पं. कमलापति त्रिपाठी अलंकरण से विश्वविद्यालय के प्रो. सदानंद शुक्ला, प्रो. रामपूजन पांडेय तथा प्रो. जितेंद्र कुमार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आठ पुस्तकों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. नरेंद्र नाथ पांडेय, विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद डा. राजेश मिश्र, पूर्व विधायक अजय राय ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. यदुनाथ दूबे ने कहा कि हमें पंडित जी के जीवन दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता हे। अतिथियों का स्वागत प्रो. सुधाकर मिश्र, संचालन प्रो. सदानंद शुक्ल और धन्यवाद ज्ञापन प्रो. राघवेंद्र दूबे ने किया। इस दौरान प्रो. हरिशंकर पांडेय, प्रो. हरिप्रसाद अधिकारी, प्रो. विजय कुमार पांडेय, डा. जगदीश नारायण तिवारी उपस्थित रहे।