वाराणसी। एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार को कॉलेज के चेयरमैन डॉ. एसके सिंह ने पत्रकारों के सामने अपनी बात कही। कॉलेज में बुलाई गई पत्रकार वार्ता में डॉ. सिंह ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक साजिश बताया। कहा कि एक मंत्री के इशारे पर पुलिस ने इतनी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। कुछ अधिवक्ता भी मंत्री के साथ हैं। कहा कि छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार कभी नहीं किया गया। रविवार को नर्सिंग छात्राओं की तहरीर पर पुलिस ने डॉ. एसके सिंह और उनके परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों पर दुराचार, धमकी, मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था।
डॉ. सिंह ने कहा कि नर्सिंग छात्राएं शुरू से परीक्षा नहीं होने देना चाहती थीं पर विफल रहीं। पांच जुलाई को किसी तरह परीक्षा कराई तो छात्राओं ने कॉलेज परिसर में धरना दिया। कभी मरीजों को परेशान किया, कभी एंबुलेंस रोक दी, अस्पताल बंद कराने की कोशिश की। पुलिस, जिला प्रशासन को सूचना दी गई। 48 घंटे में कम से कम 20 बार पुलिस आई लेकिन छात्राएं नहीं मानीं। सारी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद है। कुछ लोग छात्राओं को उकसा रहे हैं।
आईएमए ने की निंदा, एसएसपी से मिले डॉक्टर
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सदस्य डॉ. एसके सिंह पर मुकदमा दर्ज करने की संगठन ने निंदा की है। अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार राय की अध्यक्षता और सचिव डॉ. कार्तिकेय सिंह की देखरेख में आईएमए सभागार में शाम छह बजे बुलाई गई आपात बैठक में डॉ. सिंह ने पूरी घटना का वीडियो फुटेज भी दिखाया। डॉ. सिंह के समर्थन में रात करीब आठ बजे पदाधिकारियों ने एसएसपी से मुलाकात कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन
युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अमित राय ने एपेक्स कॉलेज के चेयरमैन डॉ. एसके सिंह समेत सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। कहा कि अक्सर छोटी से छोटी धाराओं में पुलिस बड़ी तत्परता से गिरफ्तारी करती है लेकिन इस प्रकरण में हीलाहवाली बरती जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो पूरे प्रदेश के युवा कांग्रेसी आंदोलन करेंगे।