वाराणसी। बेसिक स्कूलों में एक जुलाई से यूनिफार्म बंटने शुरू हो जाएंगे। एक से 15 जुलाई के बीच सभी बच्चों को नई यूनिफार्म बंट जाएं, इसे सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को आराजीलाइन के ब्लॉक संसाधन केंद्र कचनार में प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। परिषदीय विद्यालयाें के प्रधानाचार्यों की मौजूदगी में विद्यालय प्रबंध समितियों को निशुल्क यूनिफार्म वितरित करने के उद्देश्य से ये ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी स्कंद गुप्ता ने शासनादेश के अनुसार यूनिफार्म वितरित किए जाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही नए कलर के यूनिफार्म के सैंपल का प्रदर्शन किया।
बताया कि यूनिफार्म की गुणवत्ता से किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया कि 21 से 30 जून के बीच यूनिफार्म वितरण से जुड़ी सारी प्रक्रिया पूरी कर ली जाए और एक जुलाई से इसका वितरण शुरू करा दिया जाए। बताया कि एक से 20 मई तक बच्चों का माप ले लिया गया था। अत: इसे लेकर अब कोई दिक्कत नहीं है। प्रशिक्षण के दौरा सभी संकुल प्रभारी, विद्यालय प्रबंध समितियों के अध्यक्ष, सचिव व सह समन्वयक राजदेव राम आदि मौजूद रहे।