लहरतारा स्टेडियम में बुधवार को अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल मुकाबला रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सिग्नल विभाग के बीच खेला गया। मैच में कुल 397 रन बने और आरपीएफ की टीम ने रोमांचक मुकाबले में एक रन से हरा दिया। आरपीएफ ने पहले बल्लेबाजी कर 199 रन बनाए। 200 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिग्नल की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 198 रन ही बना सकी। इस तरह यह मैच आरपीएफ ने एक रन से जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
आरपीएफ की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 199 रन बनाए। इसमें आरपीएफ के शाहनवाज ने 32 गेंद पर छह चौकों की मदद से 40 रन, रामप्रवेश ने 22 गेंद पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 34 रन गिरिजेश बृजेश विश्वकर्मा ने 15 गेंद पर 27 रन बनाए। गेंदबाजी में सिग्नल विभाग के आफताब और पुष्पेंद्र बैस ने चार ओवर में तीन-तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिग्नल विभाग के अजय ने 33 गेंद पर 12 चौके की मदद से 63 रन, अनुराग ने 15 गेंद पर चार चौके की मदद से 23 रन, रमाशंकर ने 25 बॉल पर चार चौके की मदद से 23 रन बनाए। गेंदबाजी में आरपीएफ के संतोष ने चार ओवर में 42 रन देकर तीन विकेट, सुमित ने चार ओवर में 35 रन देकर दो विकेट लिए। आरपीएफ के संतोष यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मंडल सिग्नल और दूरसंचार इंजीनियर पुष्पेंद्र बैस ने दिया। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 23 अप्रैल को चौथा क्वार्टर फाइनल प्रशासन और विद्युत सामान के बीच खेला जाएगा जबकि दो बजे से पहला सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा।