वाराणसी। बिजली उपकेंद्रों के संचालन और लाइनों के ऑपरेशन के लिए ठेके पर संविदा कर्मियों की आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने पहली बार निजी कंपनी को बिजली उपकेंद्रों के ऑपरेशन का जिम्मा सौंपा है। यूपीपीसीएल के चेयरमैन आलोक कुमार की अध्यक्षता में गठित कमेटी की संस्तुति के बाद ‘प्राइम वन’ कंपनी एक मई से प्रयागराज और वाराणसी में एक साथ अनुरक्षण और परिचालन का काम संभालेगी।
नगरीय विद्युत वितरण खंड प्रथम मंडल के अधीक्षण अभियंता आशीष अस्थाना ने कहा कि संविदा पर कर्मचारी रखने में दिक्कत को देखते हुए ऐसा किया गया है। पहले अलग-अलग ठेकेदार थे, लेकिन अब एक ही व्यक्ति को ठेका दिया गया है।
कंपनी अब उपकेंद्रों से जुड़ी फीडर लाइनों में आने वाली गड़बड़ियों को दुरुस्त करने के अलावा केबल जोड़ने, ब्रेक डाउन अटेंड करने से लेकर कनेक्शन काटने सभी कार्य कराएगी। अनुबंध के मुताबिक कंपनी को प्रशिक्षित कर्मियों को रखना होगा। नई कंपनी पहले से तैनात कर्मचारियों से ही काम लेगी या नई भर्तियां करेगी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।