वाराणसी। भेलूपुर क्षेत्र में सीवर और सड़क की समस्याएं दुरुस्त होने का नाम नहीं ले रही हैं। क्षेत्र की कई कालोनियों की स्थिति तो बेहद खराब हो चुकी है। स्थानीय लोगों को टूटी सड़क और ओवरफ्लो सीवर का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बाद भी इस दिशा में कोई सुधार नहीं हो सका है। भेलूपुर चौराहे से गिरजाघर जाने वाली सड़क भी बदहाल हो चुकी है। जलसंस्थान के सामने वाली सड़क भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है और उस पर पानी बहता रहता है।
सुंदरपुर स्थित बृजइन्क्लेव कालोनी की हालत तो बहुत ज्यादा खराब हो चुकी है। कालोनी की सारी सड़कें टूट चुकी हैं। कालोनी की मुख्य सड़क जो मुंशी प्रेमचंद पार्क से होकर गुजरती है वह तो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। पार्क की चहारदीवारी और पाथवे टूट चुका है। बृजइन्क्लेव एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एस गिरी ने बताया कि इस मामले में क्षेत्रीय विधायक और पीएम के संसदीय कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके अलावा नगर निगम से भी इसकी शिकायत की गई है। टूटी हुई सड़कों की मरम्मत और पार्क के सुंदरीकरण के लिए संबंधित विभाग को सूचना देने के बाद भी अभी तक किसी ने कोई सुधि नहीं ली है। इससे कालोनी में रहने वाले लोगों में आक्रोश व्याप्त है। यही हालत खोजवां, कोल्हुआ विनायक और बजरडीहा के इलाकों में भी है। सीवर की समस्या तो इन इलाकों में बेहद आम हो चुकी है।