वाराणसी। समाजवादी छात्र सभा की टीम बुधवार को प्रधानमंत्री के गोद लिए गांव जयापुर पहुंची। आवाज उठाओ सच बताओ अभियान के अंतिम पड़ाव जयापुर गांव में छात्र सभा ने गांव का भ्रमण किया और ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। बताया कि गांव में प्रवेश करते ही टूटी सड़क, खराब हैंडपंप, खराब सोलर लाइट, बंद पानी की टंकी, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा शौचालय नजर आया। आदर्श ग्राम जयापुर में मानकों के अनुरूप कोई कार्य नहीं हुआ है।
अभियान की शुरूआत सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर किया गया है। निरीक्षण के उपरान्त जयापुर में एक जन चौपाल भी लगाया गया जिसमे बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरुष व महिलाओं ने भाग लेकर अपनी पीड़ा व्यक्त की। लोगों ने कहा कि रास्ते के निर्माण में भेदभाव किया जा रहा है। सपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ने कहा कि जयापुर में जब विकास का कोई भी कार्य नहीं कराया गया है तो किसी सामान्य सांसद के क्षेत्र में गोद लिए गए ग्रामों का अंदाजा आप खुद ही लगा सकते हैं। मुख्य अतिथि सछास के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह देव थे। धन्यवाद ज्ञापन पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल और संचालन जिला सचिव विवेक यादव ने किया। इस दौरान अंकित सिंह बाबू, सतीश शर्मा समर, महेंद्र यादव, माधुर्य सिंह मधुर, डॉ. रमेश राजभर, जितेंद्र यादव, पूर्व विधायक महेंद्र पटेल इत्यादि की प्रमुख उपस्थिति थी।