सेवापुरी। चौखंडी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की सुबह महमूदपुर के मुन्ना राजभर की पत्नी सरिता (30) ने अपने एक वर्ष के दुधमुंहे बेटे के साथ ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दी। रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोग मां-बेटे की आत्महत्या का दिल दहला देने वाला मंजर देख सहम उठे। सूचना पाकर जीआरपी कैंट ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। आत्महत्या की वजह पति मुन्ना और सरिता के बीच कलह बताई गई है। चर्चा यह भी रही कि सरिता अपने पति से मामा के यहां जाने के लिए पैसा मांग रही थी और इसी को लेकर विवाद हुआ। पति के काम पर जाने के बाद उसने बच्चे के साथ जान दे दी।
जंसा थाना अंतर्गत महमूदपुर की सरिता अपने एक साल के बेटे को लेकर चौखंडी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बैठी थी। लगभग 10:32 बजे नई दिल्ली से वाराणसी जा रही डाउन गरीब रथ एक्सप्रेस चौखंडी रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो महिला ने बेटे के साथ रेलवे पटरी पर छलांग लगा दी। जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक मां-बेटे के शरीर के चिथड़े उड़ गए थे। स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी और जंसा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।