वाराणसी। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने सस्ते गल्ले की रिक्त व निलंबित दुकानों का आवंटन किए जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न का वितरण कार्ड धारकों में प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराएं। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया होगी। साथ ही राशन की दुकानों का नियमित निरीक्षण करने को कहा।
कमिश्नर अग्रवाल ने मंगलवार को विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक में जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत भुगतान समय से कराने के साथ ही अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को विभागीय निर्माण कार्यों के नियमित निरीक्षण को कहा। इसी तरह प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापकों की उपस्थिति, लोकसभा निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए विद्यालय भवनों में विद्युत, पेयजल एवं चहारदीवारी आदि व्यवस्था को सुनिश्चित कराने को कहा। आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में गरीब बच्चों का प्रवेश दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीण पेयजल योजनाओं की समीक्षा के दौरान पूर्ण हो चुके परियोजनाओं को ग्राम पंचायतों को शीघ्र हस्तांतरित करने को कहा। सड़कों को गड्ढामुक्त करने और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की धनराशि बैंक खातों में भेजने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी वाराणसी सुरेंद्र सिंह, जिलाधिकारी चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, सभी मुख्य विकास अधिकारी एवं मंडलीय विभागीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।