वाराणसी। देश में निर्मित पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस के 15 फरवरी से संभावित संचालन को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। कर्मचारियों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। ट्रेन के प्लेटफार्म पर हैंडलिंग से लेकर रवाना होने के समय दी जाने वाली सुविधा और व्यवस्था का खाका भी तैयार हो गया है। हालांकि अभी तक ट्रेन के परिचालन के रूट को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका है। स्थानीय अधिकारियों को ट्रेन परिचालन की तिथि और समय को लेकर कोई पत्राचार भी मुख्यालय से नहीं किया गया है।
रेलवे बोर्ड के चेयरमैन वीके यादव दो दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को वाराणसी पहुंचेंगे। डीरेका के वर्कशॉप का निरीक्षण करने के साथ ही वह एक विद्युत रेल इंजन व डीजल रेल इंजन का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा अधिकारियों के साथ बैठक कर बोर्ड से मिले रेल उत्पादन के लक्ष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा करेंगे। वह वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से जुड़ी तैयारी की जानकारी भी लेंगे। डीरेका में बैठक के बाद वह पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल और उत्तर रेलवे के अधिकारियों के साथ भी बैठक कर सकते हैं।