वाराणसी। बाबतपुर एयरपोर्ट से सोमवार को प्रतिबंधित कारतूस के साथ गिरफ्तार शुभम कुमार मिश्रा को जेल भेज दिया गया। वहीं, शुभम से मिली जानकारी के आधार पर बलिया के मनियर क्षेत्र गई पुलिस टीम मंगलवार को बैरंग वापस लौट आई। पुलिस के हाथ ऐसा कोई तथ्य नहीं लगा, जिसके आधार पर इस मामले में किसी और को गिरफ्तार किया जा सके।
बलिया जिला के फेफना थाना के पांडेयपुर गांव निवासी शुभम को बाबतपुर एयरपोर्ट पर 7.62 एमएम के एसएलआर के कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। शुभम ने पुलिस को जानकारी दी कि सऊदी अरब में उसके साथ काम करने वाले मनियर क्षेत्र निवासी युवक के सामान में कारतूस रखा था। इस पर दरोगा मिर्जा रिजवान बेग के नेतृत्व में एक टीम बलिया रवाना की गई। दरोगा ने बताया कि दोनों युवकों के घर की तलाशी गई लेकिन कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। दोनों युवकोें और उनके परिजनों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। गांव के प्रधान और ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक साफ सुथरी छवि के हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी ने शुभम को फंसाने की नीयत से उसके बैग में कारतूस डाल दिया होगा।