वाराणसी। विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर में चल रहे विस्तार कार्य को सुनियोजित और सुव्यस्थित करने के लिए स्मार्ट सिटी योजना से भी कार्य कराए जाएंगे। नगर निगम और पीएमसी प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंसी इसकी रूपरेखा बना रही है। इसके बाद इसे बोर्ड बैठक में रखा जाएगा और इस प्रस्ताव के पास होने पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
काशी भी स्मार्ट सिटी वाले शहरों में शामिल है। इसलिए यहां निर्माण कार्य, सजावट, सुंदरीकरण आदि स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत किए जा रहे है। अब स्मार्ट सिटी और नगर निगम मिलकर विश्वनाथ मंदिर विशेष प्राधिकरण क्षेत्र में भी निर्माण कार्य कराने के लिए तैयारी में है। इसके लिए कर्मचारियों को डेटा एकत्र करना, मंदिर व उससे जुड़ी सभी जानकारियां अपडेट करने के लिए कहा गया है। श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन-पूजन की सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी योजना है। नगर आयुक्त डॉ. नितिन बंसल ने बताया कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत कार्य कराए जाएंगे। 28 जुलाई को होने वाले स्मार्ट सिटी की बोर्ड बैठक में कमिश्नर दीपक अग्रवाल के सामने यह प्रस्ताव रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत होने वाला विकास कार्य सुनियोजित व काफी लंबे समय का एक आकलन करके कराया जाता है। बजट के बारे में बताया कि मंदिर न्यास से बजट की मांग की जाएगी या स्मार्ट सिटी के लिए आने वाले बजट से ही कार्य कराए जाएंगे।