लालानगर/गोपीगंज। वाराणसी-इलाहाबाद राजमार्ग पर जंगीगंज में धनतुलसी मोड़ के समीप शनिवार को सड़क किनारे खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोरों ने नकदी और आभूषण समेत हजारों के माल पर हाथ साफ कर दिया। कार में बैठे लोग गाड़ी लॉक कर पास में स्थित एक दुकान में समोसे खाने गए थे। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौका मुआयना कर केस दर्ज किया है।
गोपीगंज थानाक्षेत्र के डेरवा गांव निवासी अशोक यादव सेना में जवान हैं। शनिवार को दोपहर में वह कुनबे के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से अपने एक रिश्तेदार के घर घमहापुर जा रहे थे। वह धनतुलसी मोड़ के पास अपनी कार खड़ी कर जलपान करने लगे। इसी बीच उचक्कों ने उनकी गाड़ी का शीशा तोड़कर गाड़ी में रखा बैग चोरी कर लिया। भुक्तभोगी अशोक की मानें तो बैग में 19 हजार रुपये नकद, जमीन के कागजात और सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। पीड़ित की शिकायत पर गोपीगंज पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। ज्ञानपुर क्षेत्राधिकारी बीके सिंह ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है।