शिवपुर फुलवरिया फोरलेन का काम तेज करने का निर्देश
वाराणसी। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने 307 करोड़ 77 लाख लाख लागत से बनने वाले शिवपुर फुलवरिया फोरलेन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। मंडलायुक्त सभागार में समीक्षा बैठक में लहरतारा की तरफ बनने वाले उपरगामी सेतु को मुख्य मार्ग से इसी पार और उस पार उतारे जाने को लेकर चर्चा हुई।
जाम की आशंका और अन्य सुझाव के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान तलाशने का निर्णय किया। इस दौरान लोनिवि के अभियंता ने बताया कि 7.4 किलोमीटर की बनाई जाने वाली सड़क के दौरान कैन्टोनमेंट क्षेत्र की सड़क भी विभाग ही बनाएगा। मगर इसकी लागत का आधा हिस्सा कैन्टोनमेंट बोर्ड देगा। कैन्टोनमेंट बोर्ड के सीईओ ने कहा, पैसे की कोई समस्या नहीं है, कार्य शुरू होने से पहले ही लोनिवि को धनराशि उपलब्ध करा दी जाएगी। लोनिवि के अभियंता ने बताया कि सड़क निर्माण की औपचारिकता पूर्ण की जा चुका है। सेना की चहारदीवारी को मई में शिफ्ट कराने के बाद काम शुरू कराया जाएगा। इस मार्ग पर वरुणा नदी पर 3464. 85 लाख की लागत से पुल तथा समपार 4 पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। एलाइनमेंट की भी समस्या का समाधान हो गया। बैठक में नगर आयुक्त डॉ. नितिन बंसल, कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ के अलावा लोनिवि के अभियंता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।