ज्ञानपुर/गोपीगंज। एटीएम कार्ड बदलकर पैसे की ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्य सोमवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गए जबकि तीन बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। गिरफ्तार दोनों आरोपी इलाहाबाद और भदोही में एटीएम में चोरी व ठगी की 10 घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। उनके पास से कई 17 हजार रुपये नकद, पांच एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, फर्जी नंबर की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एटीएम पर ठगी करने वाले पांच बदमाश बाइक से गोपीगंज से मिर्जापुर की तरफ जा रहे हैं। उस समय गोपीगंज कोतवाली प्रभारी सुनील वर्मा फोर्स के साथ गोपपुर में भ्रमण कर रहे थे। इस सूचना के बाद पुलिस ने नाकेबंदी की। कुछ देर में दो बाइकों पर सवार पांच लाग आते दिख। पुलिस ने रोका तो वे भागने लगे। इस पर पुलिस ने दौड़ा कर दो युवकों पकड़ लिया, जबकि तीन चकमा देकर भागने में कामयाब हो गए। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम इलाहाबाद के हंडिया थाना क्षेत्र के रमईपुर गांव निवासी अजय यादव पुत्र तेजबली यादव और जोखू उर्फ मुलायम यादव बताया। उनके पास से अलग-अलग बैंकों के पांच एटीएम कार्ड, कई एटीएम से निकाले गए 17 हजार रुपये, विभिन्न कंपनियों के पांच सिम कार्ड, फर्जी नंबर की दो अपाचे मोटरसाइकिल, 125 ग्राम नशीला पाउडर, फेवीक्विक, छोटी स्टील की निडिल बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।