ज्ञानपुर। भदोही जिले के प्रमुख कस्बों में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। इसके पीछे मुख्य वजह सड़कों पर अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग है। प्रमुख नगरों से लेकर बाजारों तक सड़कों की पटरियों पर अस्थायी दुकानें और आड़े-तिरछे खड़े वाहन यातायात समायोजन को मुंह चिढ़ाते आसानी से दिघख जाते हैं। इसके चलते आए दिन जाम की समस्या लोगों के लिए मुसीबत बनी रहती है।
जिला मुख्यालय का छोटा सा नगर ज्ञानपुर। यहां रोज कुआं खोदकर पानी पीने वाले अस्थायी दुकानदारों और ठेले-खोमचे वालों की लंबी फेहरिस्त है। यही वजह है कि नगर की प्रमुख सड़कों राजा पार्क से लेकर गोयल गली, कोतवाली रोड और दुर्गागंज त्रिमुहानी से मुख्यालय मार्ग तक सड़क पर जबर्दस्त अतिक्रमण है। ज्ञानपुर-भदोही रोड पर दुर्गागंज त्रिमुहानी से लेकर राजा पार्क तक अस्थायी दुकानों और ठेले खोमचे वालों का लबे रोड दुकानें सजाना वाहन चालकों के लिए सजा बन जाती है। बीच-बीच में पुलिस लाठी भांजकर उन्हें खदेड़ देती है, लेकिन दो-चार दिन बाद हालात फिर जस के तस। पिछले जिलाधिकारी विशाख जी के कार्यकाल में राजा पार्क के आसपास की फुटपाथ की दुकानों को हटवा दिया गया था। इससे सड़क साफ हो गई थी, लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद हालात फिर वैसे ही हो गए। गोपीगंज में वाराणसी-इलाहाबाद मार्ग पर मिर्जापुर तिराहे से लेकर पड़ाव तक सर्विस लेन पर अतिक्रमण है। इसे हटाने के लिए पुलिस हफ्ते या पखवारेभर में अभियान चलाती है, लेकिन दो दिन बाद ही फिर समूचा सर्विस लेन अस्थायी दुकानों से पटा रहता है। लालानगर संवाददाता के मुताबिक इससे कई बार दुर्घटना भी हो चुकी है। लेकिन, हालात नहीं सुधर रहे। भदोही नगर में कई इलाकों में सड़कों पर अस्थायी दुकानों का डेरा लगा रहता है। इसके अलावा सड़कों के किनारे आड़े-तिरछे ढंग से खड़े किए गए वाहन व्यवस्था को मुंह चिढ़ाते रहते हैं। स्टेशन रोड, अहमद गंज रोड, गजिया और रजपुरा आदि इलाकों में जाम की समस्या के पीछे सड़कों पर अतिक्रमण और पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण मुश्किलें बढ़ीं रहती हैं। एडिशनल एसपी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि सड़कों के प्लेटफार्मों पर अवैध ढंग से लगाई जा रहीं दुकानों और नो पार्किंग में भी वाहनों को खड़ा करने को लेकर समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। कई स्थानों पर फिर अतिक्रमण की समस्या बढ़ गई है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।