ज्ञानपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें विभागीय अफसरों से योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। वहीं, छह दिनों से बिना सूचना के गैरहाजिर चल रहीं एक महिला चिकित्सक को नोटिस जारी किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का आमजन से सीधे जुड़ाव है। विभाग के सभी कार्यक्रमों में ग्राम प्रधानों और जन प्रतिनिधियों की सहभागिता कराएं। बैठक में जानकारी मिली डीघ स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात चिकित्सक अलका जायसवाल पिछले छह दिनों से गैरहाजिर चल रही हैं। इस पर सीडीओ ने चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में खाली पदों की सूची शासन को भेजी गई है। सीएमओ को निर्देशित किया कि जिले के निजी अस्पतालों के पंजीयन का काम 30 अप्रैल तक पूरा करा लें।
इसी तरह सीडीओ ने पीएनडीटी की जिला स्तरीय बैठक ली। इसमें एक हजार पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या 914 होने पर चिंता जताई गई। कहा कि गर्भपात कराना महापाप है। बेटियों को पराया धन न समझें। बेटी घर की लक्ष्मी होती है, जो दो परिवारों को संवारती है। उन्होंने अवैध तरीके से लिंग परीक्षण को हर हाल में रोकने पर जोर दिया। कहा कि भ्रूण हत्या या लिंग परीक्षण करने वाले अस्पताल या चिकित्सक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।