ज्ञानपुर। गर्मी में जलापूर्ति समस्या के निराकरण को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें ग्रामीण अंचलों में खराब हैंडपंप को समय पर दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि हैंडपंपों की मरम्मत या रीबोर का काम जल्द पूरा करा लें। यदि गांवों से हैंडपंपों की खराबी की शिकायतें आई तो सेक्रेटरी जिम्मेदार होंगे।
डीएम ने कहा कि हैंडपंपों के रीबोर का काम अब ग्राम पंचायतों को दे दिया गया है। सेक्रेटरी और ग्राम प्रधान हैंडपंपों के दीबोर से जुड़ी शिकायतें ब्लॉक पर ही दें। मार्च के अंत तक सभी हैंडपंपों को दुरुस्त नहीं कराया गया तो सेक्रेटरी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने सभी न्याय पंचायत स्तर पर दो-दो जेई को तैनात करने का निर्देश सीडीओ हरिशंकर सिंह को दिया। कहा कि जेई सभी ब्लॉकों में हैंडंपपों की जांच तीन दिन के अंदर कराकर रिपोर्ट दें। हैंडपंप से जुड़े जो भी मामले लंबित हैं, उन्हें सप्ताह भर के अंदर निस्तारित कराएं अन्यथा बीडीओ पर सख्त कार्रवाई होगी। जिले में सिंचाई नलकूप विभाग से जितने तालाब भरे जाने हैं, उनकी सूची अधिशासी अभियंता सिंचाई, अधिशासी अभियंता नलकूप और जिला पंचायत राज अधिकारी की उपस्थिति में तैयार कराकर उपलब्ध कराने का निर्देश डीएम ने दिया। नगर निकायों में अधिशासी अधिकारियों से कहा कि वह खराब हैंडपंपों की सूची तत्काल उपलब्ध कराएं। इस मौके पर एडीएम राम सिंह वर्मा, परियोजना निदेशक आरएन सिंह, डीडीओ जयकेश त्रिपाठी, डीपीआरओ अनिल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।