वाराणसी। बीएचयू में अंतर संकाय युवा महोत्सव स्पंदन-2018 में कला, साहित्य, संस्कृति का संगम देखने को मिलेगा। 12 से 16 मार्च तक चलने वाले इस पांच दिवसीय उत्सव में होने वाली 31 प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी हुनर दिखाएंगे। इस बार विभिन्न संकायों, संस्थानों, बरकछा कैंपस के साथ ही आईआईटी बीएचयू की टीम भी शामिल होगी। शनिवार को जनसंपर्क कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में छात्र अधिष्ठाता प्रो. एमके सिंह, संयोजक जेके राय, प्रो.केके ओझा ने यह जानकारी दी।
छात्र अधिष्ठाता ने बताया कि पांच दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन 12 मार्च हो होगा। इस दौरान जाने माने सरोद वादक डॉ. अमित भट्टाचार्या बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। बताया कि इस दौरान नृत्य-गीत-संगीत, नाट्य, दृश्य कला आदि प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय के सभी संस्थान, संकाय, महिला महाविद्यालय, दक्षिणी परिसर बरकछा, संबद्ध महाविद्यालयों, आईआईटी बीएचयू के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। मुख्य आयोजन एंफीथिएटर ग्राउंड पर बने पंडाल में होगा। इसके अलावा पंडित ओंकारनाथ ठाकुर प्रेक्षागृह, डॉ. केएन उडप्पा, स्वतंत्रता भवन, विज्ञान संकाय, दृश्य कला संकाय, पत्रकारिता एवं जन संप्रेषण सभागार में होगा। सफलता के लिए 12 समितियां गठित गई है। समापन समारोह में 16 मार्च को होगा। 17 मार्च को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और मुशायरा होगा। जिसमें मुंबई से सागर त्रिपाठी, गाजियाबाद से कमलेश भट्ट, गाजीपुर हरिनारायण सिंह, लखनऊ वाहिद अली, कुशीनगर राजेश राही, लखनऊ सुफलता त्रिपाठी और बनारस से अभिनव अरुण कविता पढ़ेंगे।