वाराणसी। सोमवार को काशी आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रां के स्वागत के लिए घाट की भव्य सजावट का काम जहां तेजी से चल रहा है, वहीं दोनों राजनेताओं को गंगा और घाट दर्शन के लिए सर्वे लांच जहाज ‘कुनकुन’ शनिवार को रंगरोगन के बाद पूरी तरह तैयार हो गया है। मैक्रां और मोदी का अस्सी घाट से दशाश्वमेध घाट तक गंगा में नौका विहार का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
अस्सी घाट से लेकर दशाश्वमेध घाट तक 11 जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमेें अस्सी घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार, शहनाई वादन के बाद शंख ध्वनि का कार्यक्रम होगा। इसके बाद तुलसी घाट पर पहलवानी, रामलीला और सुुंदर कांड का पाठ होगा। वहीं आगे प्रभु घाट पर बुद्घिस्ट प्रेयर आयोजित की जाएगी।
अस्सी घाट पर स्वस्ति वाचन के बाद 51 बटुक सफेद धोती-कुर्ता में शंखनाद करेंगे। शहनाई वादक भी शहनाई बजाएंगे, सुबह-ए-बनारस के मंच के सामने एक 60 फीट में रंगोली बनाया जाएगा। साथ ही एक रथ पर सभी देवी-देवताओं की झांकी सजा रहेगी। काशी विश्वनाथ डमरू दल सेवा समिति द्वारा डमरू बजा कर अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। अतिथियों की सुविधा के लिए अस्सी घाट पर दो जेटी बनाए जा रहे हैं। एनएसजी और फ्रांस की सुरक्षा टीम वहां मौजूद है।
उधर, भारतीय अंतरदेशीय जल प्राधिकरण की ओर से सजाए-संवारे गए सर्वे लांच जहाज से मोदी और मैक्रों को गंगा और घाटों का दर्शन कराने के लिए इसकी शानदार केबिन को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर दिया गया है। इसमें 10 से 12 लोग सवार हो सकेंगे। खानपान का भी इंतजाम किया गया है। सर्वे लांच पर सामने की तरफ गैलरी में भी बैठने की व्यवस्था होगी। माना जा रहा है कि फ्रांस के राष्ट्राध्यक्ष और पीएम इस गैलरी में बैठेंगे। साथ में सुरक्षा के दृष्टिगत सहयोगी नौकाएं इसके साथ चलेंगी। लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के कारण इसे चुना गया है। क्रूज पर चढ़ने के लिए अस्सी और दशाश्वमेध घाट पर दो प्लेटफार्म का निर्माण कराया जा रहा है।