वाराणसी। अवैध रिफिलिंग की सूचना के आधार पर मंगलवार को सीर गोवर्धन में आपूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी कर 55 सिलिंडर, तीन ट्राली, एक टेंपों, रिफिलिंग के उपकरण, तौल मशीन बरामद किए। लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धन में टीम को आते देख अवैध रिफिलिंग करने वाले चार लोग फरार हो गए। इनके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर की जिलाधिकारी ने संस्तुति की है।
जिला आपूर्ति अधिकारी दीपक कुमार वार्ष्णेय के अनुसार मुखबिर ने सूचना दी कि सीर गोवर्धन के पास एक जमीन के अहाते में अवैध रिफिलिंग की जा रही है। इसके बाद मौके पर जांच के लिए विभागीय अधिकारियों में रिपुसूदन आर्य, राजीव कुमार, श्याम मोहन सिंह को भेजा गया। उन्होंने देखा कि तीन ट्रालीमैन ट्राली से सिलिंडर उतारकर रिफिलिंग उपकरण से दूसरे खाली सिलिंडर में एलपीजी भरकर टेंपो पर रख रहे हैं। टीम को देखते ही सभी मौके से फरार हो गए। अधिकारियों ने जांच की तो पाया कि सभी सिलिंडर में 500 से 800 ग्राम तक गैस कम पाया गया। तीन ट्रालियों पर रखे 30 और टेंपों पर रखे 25 सिलिंडर को जब्त कर दूसरी एजेंसी को सुपुर्द कर दिया गया साथ ही टेंपो, तीन ट्राली, उपकरण और तौल मशीन को कब्जे में ले लिया। साथ ही डीएम से इन आरापियों पर एफआईआर के लिए संस्तुति भी की र्गई है।