वाराणसी/चिरईगांव। ग्राम्य विकास विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. महेंद्र सिंह ने शुक्रवार को चिरईगांव ब्लॉक के बराई का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत माधुरी, अमरावती, झुनका के बन रहे आवासों को देखा। माधुरी और झुनका से पूछा कि कितनी धनराशि मिल चुकी है। इस पर उन दोनों ने बताया कि 1.20 लाख रुपये मिला है। मनरेगा मजदूरी 15750 रुपये मिला है।
मंत्री ने पूछा कि आवास स्वीकृति में क्या प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव या फिर किसी बिचौलिया ने कोई पैसा तो नहीं मांगा या लिया है। इस पर लाभार्थियों ने बताया कि किसी ने कोई पैसा न लिया है और न ही मांगा है। लाभार्थियों से पूछा गया कि यह मकान किसने द्वारा दिया जा रहा है। इस पर लाभार्थियों ने कहा मोदी और योगी जी दे रहे हैं। आवास की छत का निर्माण पूरा कराने और बाहर प्लास्टर के साथ लाभार्थी का नाम लोगो सहित लिखा होने पर संतोष जताया। इस मौके पर ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक प्रेम चंद पटेल, जिला विकास अधिकारी रमाकांत तिवारी, श्रम रोजगार के उपायुक्त रामबाबू त्रिपाठी, दिग्विजय नाथ पांडेय आदि मौजूद रहे।
अधूरे आवासों को दिखाने से कतराए अधिकारी
गांवों के विकास का माडल प्रस्तुत करने हेतु चल रही सांसद आदर्श गांव के विकास को दिखाना अधिकारियों ने मुनासिब नहीं समझा। सांसद चंदौली डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय द्वारा गोद लिए गांव सीवों में पीएम आवास निर्माण के लिए 40 लाभार्थियों के खाते में धनराशि भेजी गयी है। लेकिन अधिकांश की छत तक नहीं पड़ी है। अप्रैल 2017 में क्षत्रिग्रस्त पंचायत भवन नहीं बना है। इस बावत जिला विकास अधिकारी ने कहा कि नोडल अफसरों से दिखवाते हैं।