वाराणसी।प्रशासन की टीम ने अतिक्रमण चिह्नित कर जहां भी लाल निशान लगाया है उसे दुकानदार खुद हटा लें। नगर निगम की जेसीबी अतिक्रमण ध्वस्त करेगी तो व्यापारियों का नुकसान ज्यादा हो जाएगा। सीओ दशाश्वमेध स्नेहा तिवारी ने बुधवार को यह बातें गोदौलिया स्थित जयपुरिया धर्मशाला में चौक, दालमंडी, हड़हा, नई सड़क, गोदौलिया, दशाश्वमेध सहित आसपास के क्षेत्र के अन्य व्यापारियों से बैठक में कहीं। कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि व्यापारी सहयोग करते हुए अपना अतिक्रमण 18 जनवरी से पहले खुद हटा लेंगे।
सीओ दशाश्वमेध ने व्यापारियों को बताया कि जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 18 जनवरी को मैदागिन से गोदौलिया तक का अतिक्रमण हटाया जाएगा। 19 जनवरी को गोदौलिया से दशाश्वमेध तक और गोदौलिया से सोनारपुरा तक हटाया जाएगा। 20 जनवरी को दालमंडी, हड़हा, नई सड़क और बेनिया सहित आसपास के इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई जाएगी। इसके बाद दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बैठक में व्यापारियों ने दुकानों के सामने वाहन खड़े कर इधर-उधर चले जाने वालों का मसला उठाया तो सीओ दशाश्वमेध ने कहा कि ऐसे लोगों के बारे में सौ नंबर पर फोन कर जानकारी दें। संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दालमंडी और हड़हा के व्यापारियों ने शुरू किया अतिक्रमण हटाना
वाराणसी। सीओ दशाश्वमेध और व्यापारियों के बीच हुई बैठक का असर बुधवार को दालमंडी, हड़हा और आसपास के इलाके में देखा गया। इन इलाकों के व्यापारी सड़क की ओर आए दुकान के छज्जे और अन्य हिस्सों को खुद ही हटाते देखे गए। शाम के समय दालमंडी पुलिस चौकी प्रभारी ने फोर्स के साथ गश्त कर लाउड स्पीकर से व्यापारियों से अपील की कि अतिक्रमण हटाने के मामले में प्रशासन का सहयोग करें।