वाराणसी। एक दिसंबर को पहड़िया मंडी और राजातालाब तहसील में 1100 से ज्यादा पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स की निगरानी में मतगणना का काम संपन्न होगा। परिणाम बाद विजय जुलूस और आतिशबाजी पूर्णतया प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही मतगणना संपन्न होने तक किसी भी माध्यम से जो कोई ओपिनियन पोल करता पाया जाएगा उसके खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं, 15 वार्ड के आपराधिक पृष्ठभूमि वाले चिह्नित 23 प्रत्याशियों और उनके करीबियों की गतिविधियों की निगहबानी क्राइम ब्रांच करेगी।
एसपी ग्रामीण अमित कुमार ने बताया कि शुक्रवार को पहड़िया मंडी में एक एडिशनल एसपी, पांच डिप्टी एसपी, 150 सब इंस्पेक्टर, 700 कांस्टेबल और दो प्लाटून सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की जाएगी। वहीं, राजातालाब तहसील में मतगणना के लिए एक एडिशनल एसपी, दो डिप्टी एसपी, 25 सब इंस्पेक्टर, सौ कांस्टेबल और दो सेक्शन पीएसी तैनात की जाएगी। सभी प्रत्याशियों से अपेक्षा है कि वो आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह से अनुपालन करते हुए पुलिस और प्रशासन का सहयोग करेंगे। जो कोई भी आचार संहिता का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने में देर नहीं की जाएगी।