चौबेपुर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ झूठ की फैक्ट्री चलाती है। आए दिन प्रदेश में किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। वही प्रदेश सरकार किसानों का कर्जा माफ करने का नाटक कर रही। उक्त बातें शनिवार की दोपहर बाबतपुर हवाई अड्डे से पूर्व शिक्षा मन्त्री कालीचरण के तेरहवीं में जाते समय धौरहरा गांव स्थित राष्ट्रीय लोकदल के जिलाअध्यक्ष हवलदार यादव के आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय महासचिव जयंत चौधरी ने कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों का कर्जा माफ करने का ढिंढोरा पीट रही है। अब किसानों के ट्रैक्टर पर भी टैक्स लगाने की योजना है। जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। अकेले आगरा में सात किसानों ने आत्महत्या की। प्रदेश में हो रहे एनकाउंटर पर भी सवाल खड़ा हो गया है। एनकाउंटर की आड़ में पुलिस दोहन कर रही है। लोकसभा चुनाव अभी दूर है लेकिन संयुक्त मोर्चा के गठन को लेकर तैयारियां है ताकि वोटों का बंटवारा रूक सके। उन्होंने कहा छह दिसंबर को आगरा में दलित मंच के द्वारा प्रदेश में हो रहे दलित उत्पीड़न का मुद्दा उठाएगी। निकाय चुनाव में पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने आम जनसभा कर वोटों को प्रभावित करने का प्रयास किया है। जिलाध्यक्ष हवलदार यादव के आवास पर भोजन करने के बाद पूर्व शिक्षामंत्री कालीचरण के तेरहवीं में भाग लेने के लिए वे कार से गाजीपुर के लिए रवाना हो गए। राष्ट्रीय नेता केसी त्यागी, जिला महासचिव हरिशंकर यादव समेत पार्टी के दर्जनों पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।