वाराणसी। निकाय चुनाव के नामांकन के तीसरे दिन शुक्रवार को नगर निगम में पार्षद पद के लिए दो और दावेदारों ने नामांकन किया। अब तक यहां कुल पार्षद के लिए पांच नामांकन दाखिल हुए हैं। जबकि, महापौर पद के लिए अब तक खाता नहीं खुल पाया है। तीसरे दिन भी महापौर पद के लिए पर्चा दाखिल करने कोई दावेदार नहीं पहुंचा।
तीसरे दिन वार्ड नंबर 33 सारनाथ से कांती देवी तथा वार्ड नंबर 55 भदैनी से मीनू शर्मा ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन स्थलों पर निर्वाचन अधिकारी और कर्मचारी दावेदारों का इंतजार करते रहे लेकिन अधिकतर लोग नामांकन प्रक्रिया की जानकारी लेने ही पहुंचे। अभी प्रमुख दलों की ओर से महापौर की सूची जारी नहीं हुई है। साथ ही, कुछ दलों ने पार्षद के टिकट भी अभी तक जारी नहीं किए हैं। माना जा रहा है कि पार्टियों की ओर से टिकट की सूची जारी होने के बाद नामांकन का सिलसिला जोर पकड़ेगा।
पहले दिन वार्ड नंबर 3 लहरतारा से किस्मती देवी ने बसपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन किया था। जबकि, दूसरे दिन वार्ड नंबर-25 जोल्हा उत्तरी से अनूप जायसवाल एवं वार्ड नंबर 53 राज मंदिर से अजीत सिंह ने पर्चा दाखिल किया था। इस प्रकार अब तक नगर निगम के पांच वार्डों से पांच दावेदारों ने नामांकन किया है।